हापुड़: समाधान दिवस में तीनों तहसीलों में 70 शिकायतें दर्ज, डीएम-एसपी ने 12 का मौके पर किया निस्तारण

अंकित गुप्ता (Ujagarkhabar) हापुड़ जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें आम जनता की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना गया। इस दौरान कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 12 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
गढ़मुक्तेश्वर तहसील में समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी अभिषेक पांडेय और पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में हुआ। यहां कुल 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से चार मामलों का तत्काल समाधान कराया गया। फरियादियों ने घरेलू हिंसा, भूमि विवाद, राजस्व और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।
जिलाधिकारी ने सभी विभागीय अधिकारियों को मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
धौलाना तहसील में उप जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 22 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से पांच का मौके पर निस्तारण किया गया। वहीं हापुड़ तहसील में 18 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से तीन मामलों का तुरंत समाधान कराया गया।
समाधान दिवस के दौरान उप जिलाधिकारी गढ़मुक्तेश्वर, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, तहसीलदार, पुलिस क्षेत्राधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से कहा गया कि जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कर शासन की योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाया जाएगा।




