सेवा संकल्प एवं पोषण माह के तहत हापुड़ में हुआ आंगन का उत्सव, 120 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां सम्मानित

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़, 26 सितंबर 2026। जनपद हापुड़ में बाल विकास परियोजना हापुड़ के अंतर्गत शनिवार को “सेवा संकल्प एवं पोषण माह” के अवसर पर आंगन का उत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हेल्दी बेबी प्रतियोगिता, रेसिपी प्रतियोगिता, उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का सम्मान, गोदभराई एवं अन्नप्राशन संस्कार सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रेखा नागर, हापुड़ विधायक विजयपाल आढ़ती, नगर पालिका परिषद हापुड़ के अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख हापुड़, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने लाभार्थियों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का उत्साहवर्धन किया।हेल्दी बेबी प्रतियोगिता के अंतर्गत चयनित 08 स्वस्थ बच्चों को पुरस्कृत किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और नियमित वृद्धि की निगरानी के प्रति अभिभावकों में जागरूकता बढ़ाना रहा। वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाली 120 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने विभागीय सेवाओं एवं विभिन्न गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी भी साझा की। कार्यक्रम में आयोजित रेसिपी प्रतियोगिता में स्थानीय एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। इसके माध्यम से लाभार्थियों एवं अभिभावकों को संतुलित, विविधतापूर्ण और पोषक आहार के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के तहत आहार विविधता, पर्याप्त प्रोटीन तथा आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा एवं गरम भोजन जैसे विषयों पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।कार्यक्रम के दौरान गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी कराया गया। लाभार्थियों को पोषण एवं स्वास्थ्य से संबंधित आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। कार्यक्रम में लाभार्थियों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्रों को पोषण, स्वास्थ्य एवं बाल विकास गतिविधियों का प्रभावी केंद्र बनाने तथा समुदाय की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। अंत में जिला कार्यक्रम अधिकारी, हापुड़ ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों, लाभार्थियों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं संबंधित अधिकारियों-कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। साथ ही पोषण एवं बाल विकास से जुड़ी गतिविधियों को निरंतर प्रभावी ढंग से संचालित करने का आह्वान किया।



