श्री रामलीला महोत्सव 2026-27 का भूमि पूजन विधि-विधान से संपन्न

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। श्री रामलीला समिति रजिस्टर्ड हापुड़ द्वारा आयोजित श्री रामलीला महोत्सव 2026-27 के शुभारंभ के प्रथम दिवस पर रामलीला स्थल पर विधि-विधान से भूमि पूजन एवं हवन कार्यक्रम संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार, हवन और आरती के साथ आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया। भूमि पूजन का आयोजन गायत्री परिवार के सहयोग से किया गया। भूमि पूजन की विधि श्री सतीश गोयल एवं श्री अजब सिंह शास्त्री द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न कराई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री विनोद कुमार वर्मा ने की। हवन के दौरान शास्त्री जी ने भूमि पूजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भूमि पूजन के माध्यम से देवी-देवताओं का आह्वान कर उनसे प्रार्थना की जाती है कि वे इस पवित्र स्थल पर पधारें और अपने सानिध्य में होने वाले सभी धार्मिक कार्यों को निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराएं। भूमि पूजन एवं हवन में श्री रामलीला समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने श्रद्धापूर्वक आहुति दी। इस दौरान शास्त्री जी ने समिति के सदस्यों को श्री रामलीला महोत्सव को पूर्ण निष्ठा, श्रद्धा और समर्पण के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराने का संकल्प भी दिलाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान रामलीला स्थल भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। समिति के सदस्यों एवं श्रद्धालुओं द्वारा लगाए गए “जय श्री राम” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। भूमि पूजन कार्यक्रम में विनोद वर्मा, उमेश अग्रवाल, शुभम गोयल एडवोकेट, सुयश वशिष्ठ, नवीन गुप्ता, रतन लाल नन्हे मल ठेकेदार, डी.के. सर्राफ, नवीन कुमार वर्मा, विमल वर्मा, वरुण गोयल टिंकू, हरि प्रकाश जिंदल, अतुल सोनी, रामकुमार गर्ग, उमेश मित्तल, रवि गर्ग टेंट वाले, प्रदीप सोनी, अनिल तोमर टोपी, विवेक सिंघल, माधव वर्मा, गौरव बजरंगी, गौरव गोयल सर्राफ, संजय यादव सहित समिति के पदाधिकारी, सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री रामलीला महोत्सव 2026-27 को भव्य एवं सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ की जा रही हैं। आयोजन को लेकर समिति के सदस्यों में खासा उत्साह है।



