हापुड़

संस्कार कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च में उत्साहपूर्वक मनाया गया विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। संस्कार कॉलेज ऑफ फार्मेसी एंड रिसर्च में शुक्रवार को विश्व फार्मासिस्ट दिवस 2026 उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के छात्र-छात्राओं और फैकल्टी सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता की। इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “Empowering Pharmacists for Healthier Future” (स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना) तथा सब-थीम “स्वस्थ भारत: एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस (AMR) से मुकाबला” रही। कार्यक्रम का उद्देश्य एंटीबायोटिक दवाओं के जिम्मेदार एवं उचित उपयोग, संक्रमण की रोकथाम, एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस तथा मरीजों की सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्रों एवं फैकल्टी सदस्यों ने फार्मासिस्ट की जिम्मेदारियों और मरीजों की सुरक्षा के प्रति शपथ ली। बी.फार्मा के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत गीतों ने कार्यक्रम में उत्साह का माहौल बनाया। कार्यक्रम में हापुड़ के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र में फार्मासिस्ट की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए दवाओं के सुरक्षित एवं सही उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने “5 Rights”—सही मरीज, सही दवा, सही मात्रा, सही तरीका एवं सही समय—के पालन को आवश्यक बताया। डॉ. आहूजा ने एंटीबायोटिक्स के अनावश्यक एवं गलत इस्तेमाल से उत्पन्न होने वाले एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस को गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि इस समस्या से निपटने में फार्मासिस्ट महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने मरीजों को बिना चिकित्सकीय सलाह के एंटीबायोटिक न लेने तथा चिकित्सक द्वारा निर्धारित दवा का पूरा कोर्स करने के लिए जागरूक करने पर भी जोर दिया। विद्यार्थियों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए फार्मा क्विज, पोस्टर प्रेजेंटेशन, डिबेट एवं पैनल डिस्कशन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। डिबेट प्रतियोगिता में गरिमा शर्मा (बी.फार्मा द्वितीय वर्ष) ने प्रथम, तान्या (बी.फार्मा तृतीय वर्ष) ने द्वितीय तथा लक्ष्य शर्मा (बी.फार्मा प्रथम वर्ष) एवं कृष्णा (डी.फार्मा द्वितीय वर्ष) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। फार्मा क्विज में Team ALPHA ने प्रथम तथा Team PENICILLIN SQUAD ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं पोस्टर प्रेजेंटेशन में श्रितिका एवं स्नेहा (बी.फार्मा तृतीय वर्ष) ने प्रथम तथा हिमानी बंसल (बी.फार्मा चतुर्थ वर्ष) एवं वंशिका (बी.फार्मा तृतीय वर्ष) ने द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि डॉ. किशोर कुमार आहूजा, डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) बबीता कुमार, एचओडी डॉ. शबनम ऐन, डॉ. अनुराधा सिंह एवं इवेंट कोऑर्डिनेटर्स द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने स्वास्थ्य सेवा प्रणाली में फार्मासिस्ट की भूमिका तथा जिम्मेदार, नैतिक एवं मरीज-केंद्रित फार्मेसी प्रैक्टिस की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी शैक्षणिक प्रतिभा, संवाद कौशल, टीमवर्क और स्वास्थ्य क्षेत्र की समसामयिक चुनौतियों के प्रति जागरूकता प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए छात्रों, विजेताओं, फैकल्टी सदस्यों एवं आयोजन टीम को बधाई दी गई। कार्यक्रम का समापन डॉ. शबनम ऐन द्वारा धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button
Shares