हापुड़: अंबेडकर पार्क की ज़मीन पर कब्ज़े का विवाद, डीएम को सौंपा गया ज्ञापन

अंकित गुप्ता /समय दिन (ujagarkhabar.in) हापुड़। तहसील धौलाना क्षेत्र के ग्राम देहरा में अंबेडकर पार्क की भूमि (खसरा संख्या 1573, रकबा 0.2020) को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि कुछ लोग लगातार इस भूमि पर कब्ज़ा करने की कोशिश कर रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस मामले को लेकर कई बार अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। शनिवार को ग्रामीणों ने जिला अधिकारी हापुड़ को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि अंबेडकर पार्क की भूमि को कब्ज़ा मुक्त कराया जाए और जिम्मेदार लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों का कहना है कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग और पार्क के लिए चिन्हित है, लेकिन लगातार दबाव बनाकर इसका गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। ज्ञापन में स्पष्ट तौर पर कहा गया कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो मामले को लेकर वे न्यायालय का दरवाज़ा खटखटाने को मजबूर होंगे।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर निष्पक्ष कार्रवाई करने और अंबेडकर पार्क की भूमि को बचाने की मांग की है।




