हापुड़

हापुड़ के सबली महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब, सुबह से लगी भक्तों की लंबी कतारे

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। सावन के पावन महीने में हापुड़ के प्रसिद्ध सिद्धपीठ सबली महादेव मंदिर में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा है। मंगलवार सुबह से ही भगवान शिव के जलाभिषेक के लिए मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं। दूर-दूर से पहुंचे शिवभक्त हाथों में गंगाजल और पूजा सामग्री लेकर अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज रहा है। श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक कर रहे हैं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

सैकड़ों वर्षों पुराना माना जाता है इतिहास सबली महादेव मंदिर हापुड़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में शामिल है। स्थानीय मान्यताओं के अनुसार यहां स्थापित शिवलिंग स्वयंभू है। मंदिर का इतिहास करीब साढ़े छह सौ से साढ़े सात सौ वर्ष पुराना माना जाता है।

हल की टक्कर से प्रकट हुए थे भोलेनाथ मंदिर से जुड़ी प्रचलित मान्यता के अनुसार, सदियों पहले किसान महताब सिंह खेत में जुताई कर रहे थे। इसी दौरान उनका हल जमीन के भीतर किसी कठोर वस्तु से टकराया। स्थानीय मान्यता है कि इसी स्थान से स्वयंभू शिवलिंग के प्रकट होने की घटना जुड़ी हुई है। तभी से यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।

भीड़ को देखते हुए व्यवस्थाएं तेज सावन में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मंदिर परिसर में व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि शिवभक्तों को दर्शन और जलाभिषेक में किसी तरह की परेशानी न हो।

सावन के इस पावन अवसर पर सबली महादेव के दरबार में उमड़ी भीड़ ने एक बार फिर हापुड़ की धार्मिक आस्था की तस्वीर सामने रख दी है।

Related Articles

Back to top button
Shares