हापुड़

जिला प्रशासन हापुड़ ने कांवड़ियों के स्वागत के लिए लगाया आदर्श कांवड़ शिविर

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। सावन माह की पावन कांवड़ यात्रा के मद्देनजर जिला प्रशासन हापुड़ एवं नगर पालिका परिषद हापुड़ की ओर से शिवभक्त कांवड़ियों के स्वागत, सेवा और विश्राम के लिए आदर्श कांवड़ शिविर स्थापित किया गया है। शिविर में कांवड़ियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्राम, पेयजल, प्रसाद, स्वास्थ्य सेवाओं सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

शिवभक्तों के स्वागत के लिए शिविर में आकर्षक बैनर लगाए गए हैं, जिन पर “हम सभी शिव भक्तों का हार्दिक स्वागत करते हैं” का संदेश अंकित है। कांवड़ियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन एवं नगर पालिका की ओर से सुरक्षा व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर जिलाधिकारी कविता मीणा, नगर पालिका परिषद हापुड़ की अध्यक्ष पुष्पा देवी तथा अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व एवं प्रभारी अधिकारी स्थानीय विकास संदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे। अधिकारियों ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कांवड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आदर्श कांवड़ शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम की व्यवस्था के साथ ही शिवभक्तों के लिए प्रसाद, पेयजल एवं विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रशासन का उद्देश्य है कि जनपद हापुड़ से गुजरने वाले प्रत्येक कांवड़िए को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाए और कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो।

शिवभक्तों ने की हापुड़ प्रशासन की सराहना

शिविर में पहुंचे कई शिवभक्तों ने हापुड़ में की गई व्यवस्थाओं की सराहना की। शिवभक्तों ने कहा कि गंगोत्री से मेरठ तक कांवड़ यात्रा के दौरान रास्ते में उन्हें ऐसी व्यवस्थित एवं भव्य सेवा व्यवस्था कम ही देखने को मिली। हापुड़ में प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा विश्राम, प्रसाद, स्वास्थ्य सुविधा और सुरक्षा को लेकर की गई व्यवस्थाओं से कांवड़ियों को काफी राहत मिल रही है।

शिवभक्तों ने जिला प्रशासन एवं नगर पालिका परिषद का आभार जताते हुए कहा कि इस प्रकार की सेवा व्यवस्था उनकी यात्रा को और अधिक सुगम बना रही है। उन्होंने भगवान भोलेनाथ से सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करने की प्रार्थना करते हुए हापुड़ प्रशासन की सेवा एवं व्यवस्थाओं की जमकर सराहना की।

Related Articles

Back to top button
Shares