हापुड़

साप्ताहिक पैठ बंद होने से प्रभावित गरीब पटरी व्यापारियों की समस्या को लेकर जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में जिलाधिकारी को ज्ञापन

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। समाजवादी पार्टी जनपद हापुड़ के कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में जनपद में बंद की गई साप्ताहिक पैठ के कारण प्रभावित गरीब पटरी व्यापारियों एवं मजदूरों की आजीविका बचाने की मांग की गई।

रामलीला ग्राउंड में लंबे समय से लगने वाली साप्ताहिक पैठ के अचानक बंद होने से सैकड़ों गरीब मजदूरों, छोटे दुकानदारों एवं पटरी व्यापारियों के सामने रोजी-रोटी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। इन परिवारों की आजीविका काफी हद तक इसी साप्ताहिक पैठ पर निर्भर थी। पैठ बंद होने के बाद अनेक परिवार आर्थिक संकट और भुखमरी जैसी स्थिति का सामना करने को मजबूर हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष आनंद गुर्जर ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि गरीब पटरी व्यापारियों को बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के हटाना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रशासन तत्काल प्रभाव से जनपद हापुड़ में कोई उपयुक्त स्थान चिन्हित करे, जहां प्रभावित पटरी व्यापारी पुनः साप्ताहिक पैठ लगा सकें और अपने परिवारों का भरण-पोषण कर सकें। उन्होंने कहा कि गरीबों और छोटे व्यापारियों की आजीविका का संरक्षण प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और समाजवादी पार्टी उनके अधिकारों एवं रोजगार की लड़ाई मजबूती से लड़ती रहेगी। ज्ञापन एवं प्रदर्शन कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी, विभिन्न प्रकोष्ठों के अध्यक्ष तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button
Shares