हापुड़

कवि सम्मेलन में गूंजा देशप्रेम और नारी शक्ति का संदेश, मेधावी छात्राओं का हुआ सम्मान

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। फ्रीगंज रोड स्थित श्रीमती कमला अग्रवाल गर्ल्स इंटर कॉलेज एवं अखिल भारतीय साहित्य लोक के संयुक्त तत्वावधान में 20 अगस्त को विद्यालय परिसर में कवि सम्मेलन एवं प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन हर्षोल्लास और गरिमा के साथ किया गया। कार्यक्रम में साहित्य, कविता, शिक्षा और प्रतिभा सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। कवियों की रचनाओं के साथ छात्राओं की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल शर्मा, श्रीमती रेखा शर्मा, मैनेजर एडमिन श्री बृजमोहन गुप्ता, मैनेजर एस्टेट श्री नरेश कुमार अग्रवाल सहित अतिथियों ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित एवं वंदना कर किया। प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल शर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर आमंत्रित कवियों को पटका, माला एवं प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से देशप्रेम, नारी सम्मान, इतिहास और सामाजिक चेतना जैसे विषयों को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।

छात्राओं की स्वरचित कविताओं ने बटोरीं तालियां

विद्यालय की कक्षा 10 की छात्रा अमरीन तथा कक्षा 12 की छात्राओं सुजैन, ईस्मत, आराध्या और कीर्ति ने अपनी स्वरचित कविताओं के माध्यम से नारी शक्ति, देशप्रेम और आत्मनिर्भरता के विचार प्रस्तुत किए। छात्राओं की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद श्रोताओं की खूब तालियां बटोरीं।

कवियों ने अपनी रचनाओं से बांधा समां

कवि सम्मेलन में दिल्ली से आए जय सिंह आर्य ने अपनी रचना के माध्यम से श्रोताओं को प्रभावित किया। गाजियाबाद के डॉ. चेतन आनंद ने अपनी कविता से भावनात्मक रंग भरा। डॉ. अनिल बाजपेई ने तिरंगे के माध्यम से राष्ट्रप्रेम की भावना को स्वर दिया। दिल्ली के शैल भदावरी ने बेटियों की महत्ता पर अपनी रचना प्रस्तुत की, जबकि साहिबाबाद की डॉ. निवेदिता शर्मा ने इतिहास के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। शाहदरा के वैभव शर्मा ने अपनी कविता के माध्यम से भारतीय संस्कृति और कन्या सम्मान की परंपरा को रेखांकित किया।

प्रधानाचार्या ने बताया कवियों को समाज का सजग प्रहरी

प्रधानाचार्या श्रीमती पारुल शर्मा ने कहा कि कवि समाज के सजग प्रहरी होते हैं। उनकी रचनाएं विद्यार्थियों में संवेदना, संस्कार, राष्ट्रप्रेम और रचनात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के साहित्यिक आयोजन छात्राओं को अपनी प्रतिभा पहचानने और जीवन में सकारात्मक दिशा चुनने के लिए प्रेरित करते हैं।

बोर्ड परीक्षा की मेधावी छात्राओं को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान सत्र 2025-26 की बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को भी सम्मानित किया गया। कक्षा X में अल्फिया ने प्रथम, याशिका ने द्वितीय और अलिना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वहीं कक्षा XII में माही चौधरी ने प्रथम, अंजलि गिरी ने द्वितीय और इंशा निजाम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। खुशी, मन्या सिंह और स्वर्णिका भारद्वाज ने चतुर्थ स्थान तथा अल्विरा ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी मेधावी छात्राओं को प्रधानाचार्यों एवं अतिथियों द्वारा प्रतीक-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में विद्यालय की समस्त शिक्षिकाएं, छात्राएं, अभिभावक, साहित्यप्रेमी एवं नगर के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर काव्य, साहित्य, सम्मान और रचनात्मक चेतना से सराबोर रहा।

Related Articles

Back to top button
Shares