हापुड़

आजाद समाज पार्टी ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा, संविधान और सामाजिक समानता का दिया संदेश

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने जनपद हापुड़ में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली। हाथों में तिरंगा लेकर बड़ी संख्या में युवा और पार्टी समर्थक यात्रा में शामिल हुए। शहर के प्रमुख मार्गों से निकली यात्रा के दौरान देशभक्ति और संविधान के सम्मान से जुड़े नारों से वातावरण गूंज उठा। यात्रा में कार्यकर्ताओं ने “भारत माता की जय”, “संविधान की जय” और “जय भीम” के नारे लगाए। डीजे पर बज रहे देशभक्ति गीतों के बीच कार्यकर्ताओं ने अनुशासित तरीके से मार्च किया। यात्रा के दौरान राष्ट्रप्रेम के साथ संविधान की रक्षा, बहुजन समाज के अधिकारों और सामाजिक समानता का संदेश दिया गया।

यात्रा शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों और मार्गों से होते हुए बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के पास पहुंची। यहां पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

संविधान और अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील समापन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल आजादी का पर्व नहीं, बल्कि देश के संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक समानता के प्रति अपनी जिम्मेदारी को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से संविधान में निहित अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा महापुरुषों द्वारा दिखाए गए समतामूलक मार्ग पर चलने की अपील की। रैली में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी रही। पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति और सामाजिक समानता का संदेश प्रमुखता से दिखाई दिया।

Related Articles

Back to top button
Shares