हापुड़

कांवड़ यात्रा को लेकर हापुड़ प्रशासन अलर्ट, डीएम-एसपी ने गंगनहर पटरी का किया औचक निरीक्षण

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने धौलाना क्षेत्र स्थित गंगनहर पटरी का औचक निरीक्षण कर कांवड़ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ मार्ग की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, स्वच्छता और सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के निर्देश देते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित गश्त तथा सतर्क निगरानी सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button
Shares