रेलवे रोड स्थित टुनाइट रेस्टोरेंट में हुआ व्यापारी सम्मेलन — पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल बोले, “जीएसटी रिफॉर्म से आई व्यापार में नई ऊर्जा”

अंकित गुप्ता समय दिन (Ujagarkhabar.in)
रेलवे रोड स्थित टुनाइट रेस्टोरेंट में गुरुवार को व्यापारी सम्मेलन एवं आत्मनिर्भर भारत विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजेंद्र अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे और व्यापारियों तथा पत्रकारों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि हाल ही में किए गए जीएसटी रिफॉर्म भारतीय अर्थव्यवस्था के लिए एक ऐतिहासिक कदम है। जीएसटी में कमी आने से बाजारों में नई रौनक लौट आई है, वाहनों की बिक्री में बढ़ोतरी हुई है और उद्योगों में उत्पादन तेजी से बढ़ रहा है।
राजेंद्र अग्रवाल ने बताया कि जीएसटी घटने से उपभोग में वृद्धि हुई है, जिससे हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान है। उन्होंने कहा कि “यह सुधार आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक बड़ा कदम है, जो आने वाले समय में देश की आर्थिक रीढ़ को और मजबूत करेगा।”
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इस फैसले की सराहना की, साथ ही कुछ सुधारों पर अपने सुझाव भी रखे। इस पर पूर्व सांसद ने आश्वासन दिया कि वह इन सुझावों को केंद्र सरकार तक अवश्य पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस दीपावली पर हम सभी को स्वदेशी वस्तुओं को अपनाना चाहिए ताकि देश की अर्थव्यवस्था और मजबूत हो सके।




