हापुड़

पर्यावरण, वृक्षारोपण और गंगा समिति की संयुक्त बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। जिला पर्यावरण समिति, जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, हापुड़ में आयोजित की गई। बैठक मुख्य विकास अधिकारी सुश्री श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में जिलाधिकारी महोदया के निर्देशन में हुई। बैठक में जिले में वृक्षारोपण, प्लास्टिक कचरे के उन्मूलन, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन तथा गंगा एवं जल स्रोतों की स्वच्छता से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक में प्रभागीय वनाधिकारी गौतम सिंह, जिला विकास अधिकारी अनवर शेख, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुनील कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी शिव बिहारी शुक्ला, उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी के प्रतिनिधि विपुल कुमार, पर्यावरणविद् एवं लोक भारती से जुड़े भारत भूषण समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में वृक्षारोपण वर्ष 2026-27 के दौरान जिले में कराए गए वृक्षारोपण कार्यों की समीक्षा की गई। समिति की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की जियोटैगिंग अभी तक पूरी नहीं हुई है, उसे दो दिवस के भीतर पूरा कराया जाए। जिला पर्यावरण समिति की बैठक में प्लास्टिक कचरे के उन्मूलन पर भी चर्चा हुई। समिति की अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को प्लास्टिक एक्शन प्लान-2026 तैयार कर उसके अनुसार प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही म्यूनिसिपल सॉलिड वेस्ट के उचित निस्तारण और उसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित पोर्टल पर समय से रजिस्ट्रेशन कराने को कहा गया। जिला गंगा समिति की बैठक में जिले में स्थापित सभी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के सुचारू संचालन को लेकर निर्देश दिए गए। इसके लिए टीम गठित कर एसटीपी का निरीक्षण कराने को कहा गया। जल निगम ग्रामीण और नगर पालिका परिषद हापुड़ के अधिशासी अधिकारी को रामपुर रोड, हापुड़ स्थित एसटीपी से जुड़े समस्त नालों को टैप करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड गाजियाबाद/हापुड़ को जिले में संचालित सभी औद्योगिक इकाइयों के एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट (ईटीपी) का औचक निरीक्षण करने तथा निरीक्षण की रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

Related Articles

Back to top button
Shares