पुरानी रंजिश में अधिवक्ता की पीट-पीटकर हत्या, गांव में मचा हड़कंप

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
गढ़मुक्तेश्वर। थाना गढ़ क्षेत्र के गांव शाहपुर में पुरानी रंजिश के चलते एक अधिवक्ता की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल अधिवक्ता की उपचार के दौरान मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि अधिवक्ता की बहन के साथ गाली-गलौज की घटना को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने अधिवक्ता पर हमला कर दिया। आरोप है कि खेत पर अधिवक्ता को घेरकर बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद परिजन घायल अधिवक्ता को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। अधिवक्ता की मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



