गौरव त्यागी हत्याकांड के आरोपियों पर कार्रवाई की मांग, राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने किया प्रदर्शन

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। थाना हापुड़ देहात क्षेत्र में गौरव त्यागी की निर्मम हत्या के विरोध में राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई ने गुरुवार को नगर पालिका परिषद स्थित शहीद स्तंभ पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन से पहले पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने शहीद स्तंभ पर गौरव त्यागी को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद हत्यारोपियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई गई।प्रदर्शन का नेतृत्व संस्था के जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने किया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर प्रेमपाल सिंह एवं क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिलाध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि गौरव त्यागी की हत्या करने वाले आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने आरोपियों के घरों पर बुलडोजर कार्रवाई करने और मृतक के परिवार को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। वहीं संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने कहा कि हत्यारोपियों के खिलाफ पुलिस कड़ी कार्रवाई करे और पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मौके पर मौजूद क्षेत्राधिकारी अनिता चौहान से मामले में जल्द से जल्द प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि गौरव त्यागी के परिवार को न्याय मिलने तक उनकी आवाज उठाई जाती रहेगी। ज्ञापन के माध्यम से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, पीड़ित परिवार की सुरक्षा और आर्थिक सहायता सहित विभिन्न मांगें शासन तक पहुंचाई गईं। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी, जिला सचिव मुकेश प्रजापति, जिला सूचना प्रसारण मंत्री श्याम वर्मा, वरिष्ठ जिला संरक्षक हरीराज सिंह त्यागी, ब्रजभूषण त्यागी, हेमराज त्यागी, राजकुमार वर्मा, श्याम वर्मा, दीपचंद प्रजापति सहित संस्था के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



