ग्राम सिखेड़ा में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान की बैठक, सैकड़ों लोगों की उमड़ी भीड़

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। जनपद हापुड़ के ग्राम सिखेड़ा में कांग्रेस के संगठन सृजन अभियान के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक के दूसरे दिन AICC ऑब्जर्वर चेतन चौहान, PCC ऑब्जर्वर नरेंद्र चौहान और पंकज तेजानिया ने पहुंचकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों से संवाद किया। कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों की मौजूदगी ने कांग्रेस के स्थानीय संगठन में उत्साह का माहौल बना दिया। बैठक को संबोधित करते हुए AICC ऑब्जर्वर चेतन चौहान ने कहा कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर गुजरता है। उन्होंने कहा कि यदि 2029 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनानी है और राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है, तो 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को अधिक से अधिक सीटों पर जीत हासिल कर उत्तर प्रदेश की सत्ता में लाना होगा। उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों से उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अब समय आ गया है कि 2027 के विधानसभा चुनाव में इस लंबे राजनीतिक दौर को समाप्त किया जाए। उन्होंने कहा कि संगठन सृजन अभियान का उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं और लोगों की राय जानना है। इसी क्रम में विभिन्न जनपदों में जाकर यह जानकारी ली जा रही है कि लोग मौजूदा जिलाध्यक्ष और शहर अध्यक्ष के कामकाज से संतुष्ट हैं या नहीं और यदि नहीं हैं तो वे किन लोगों को जिलाध्यक्ष अथवा शहर अध्यक्ष के रूप में देखना चाहते हैं। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने कहा कि जिलाध्यक्ष का पद उनके लिए कोई व्यक्तिगत महत्व नहीं रखता। उन्होंने कहा कि वे अध्यक्ष रहें या न रहें, पार्टी के सिपाही और राहुल गांधी की टीम के एक छोटे से कार्यकर्ता के रूप में संगठन की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने ग्राम सिखेड़ा के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि पदभार संभालने के बाद गांव में यह उनकी चौथी बैठक है और जब भी वे यहां आते हैं, उन्हें लोगों का भरपूर प्यार और समर्थन मिलता है उन्होंने कहा कि पार्टी या क्षेत्र के लोग जब भी उन्हें बुलाएंगे अथवा संगठन की ओर से कोई जिम्मेदारी दी जाएगी, वह पूरी निष्ठा के साथ उसका निर्वहन करेंगे।
कार्यक्रम का संचालन जिला प्रवक्ता एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष एडवोकेट शहजादा चौधरी ने किया।
इस अवसर पर शहर अध्यक्ष इरफान अहमद, पूर्व धौलाना विधानसभा प्रत्याशी पंडित अरविंद शर्मा, पिलखुआ नगर अध्यक्ष रजनीश त्यागी, गढ़मुक्तेश्वर नगर अध्यक्ष मुकेश कौशिक, सिंभावली ब्लॉक अध्यक्ष जितेंद्र नागर, गढ़मुक्तेश्वर ब्लॉक अध्यक्ष बिजेंद्र त्यागी, पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. शोएब, गौरव गर्ग, अमित अग्रवाल, नरेश भाटी, लाल बहादुर, मोहम्मद नफीस, एडवोकेट फुरकान, मोहम्मद अनस, गुलफाम अली, आमिर मलिक, मजहर खान, सफदर खान, आदेश शर्मा, गोपाल भारती, महबूब अली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं ग्रामीण मौजूद रहे।



