हापुड़

दिव्यांगजन रोजगार मेले में 126 अभ्यर्थी चयनित, राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने किया उद्घाटन

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। एस.एस.वी. पी.जी. कॉलेज, हापुड़ में बुधवार को दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश कौशल विकास विभाग एवं सेवायोजन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विशाल दिव्यांगजन रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले का शुभारंभ मुख्य अतिथि राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार नरेंद्र कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर किया। रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियों में रोजगार के लिए 199 दिव्यांग अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। कंपनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अभ्यर्थियों का साक्षात्कार लेने के बाद 126 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों के लिए चयन/शॉर्टलिस्ट किया गया। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में दिव्यांगजनों की भागीदारी रही। कार्यक्रम के दौरान मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कौशल विकास विभाग के 10 लाभार्थियों तथा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत 4 लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

सरकारी योजनाओं के लिए भी हुआ पंजीकरण

रोजगार उपलब्ध कराने के साथ ही दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए मेले में विशेष काउंटर लगाए गए। कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण योजना के तहत 47 दिव्यांगजनों ने आवेदन किया। वहीं कौशल विकास विभाग की योजना में 46 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इसके अलावा यूडीआईडी कार्ड के लिए 42 लाभार्थियों का पंजीकरण किया गया, जबकि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के तहत स्वरोजगार के लिए 30 आवेदन प्राप्त हुए।

दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाना सरकार की प्राथमिकता

अपने संबोधन में राज्य मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और उनके कौशल विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि दिव्यांगजनों को उनकी योग्यता और क्षमता के अनुरूप रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जाएं। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपनिदेशक सेवायोजन विभाग, उपायुक्त जिला उद्योग केंद्र, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी, जिला सेवायोजन अधिकारी, जिला समन्वयक कौशल विकास/प्राचार्य आईटीआई, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, श्रम विभाग के अधिकारी, विभागीय कर्मचारी तथा एस.एस.वी. पी.जी. कॉलेज के पदाधिकारी मौजूद रहे। रोजगार मेले के सफल आयोजन से दिव्यांगजनों को रोजगार, कौशल विकास, सहायक उपकरण, यूडीआईडी कार्ड और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण अवसर मिला।

Related Articles

Back to top button
Shares