ग्राम ककोड़ी में चल रहा भूख हड़ताल अनशन स्थगित, किसान हितों और इंडिया–US ट्रेड डील विरोधी आंदोलन को दी जाएगी प्राथमिकता

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। ग्राम ककोड़ी स्थित पथवारी शिव मंदिर पर दिल्ली में सीजीआई प्रोटेस्ट के दौरान चौधरी राकेश टिकैत के समर्थन में चत्रपाल सिंह उर्फ़ गुड्डू पिछले दो दिनों से भूख हड़ताल एवं अनशन पर बैठे हुए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय किसान यूनियन के एनसीआर अध्यक्ष एकलव्य सिंह सहारा अनशन स्थल पर पहुँचे और चत्रपाल सिंह उर्फ़ गुड्डू से विस्तृत वार्ता की। किसान हितों की रक्षा तथा आगामी इंडिया–US ट्रेड डील के विरोध में प्रस्तावित व्यापक किसान आंदोलन को प्राथमिकता देने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने हाथ जोड़कर अनशन को फिलहाल स्थगित करने का आग्रह किया।
संगठन के आग्रह को स्वीकार करते हुए चत्रपाल सिंह उर्फ़ गुड्डू ने अपना अनशन फिलहाल स्थगित कर दिया।
इस अवसर पर भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने कहा कि किसानों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संगठन का संघर्ष लगातार जारी रहेगा। साथ ही सभी किसान साथियों से संगठन के निर्णयों के अनुरूप एकजुट होकर आगामी आंदोलनों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।
संगठन ने स्पष्ट किया कि किसान हितों से जुड़े मुद्दों पर उनकी आवाज़ बुलंद रहेगी और आवश्यकता पड़ने पर आगे भी लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन जारी रखा जाएगा।



