
अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। सावन की पावन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए हापुड़ जिला प्रशासन और पुलिस ने कमर कस ली है। इस वर्ष प्रशासन ने “जीरो इंसीडेंट, जीरो एक्सीडेंट” का लक्ष्य तय करते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा की लगातार निगरानी के लिए जिला कलेक्ट्रेट में 24×7 कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यहां से यात्रा मार्ग की निगरानी की जाएगी और किसी भी आपात स्थिति में संबंधित विभाग तत्काल कार्रवाई करेंगे।
प्रशासन द्वारा कांवड़ मार्ग पर स्वच्छ पेयजल, गुणवत्तापूर्ण भोजन, चिकित्सा सहायता, स्नान की व्यवस्था, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। अधिकारियों को लगातार फील्ड में रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने और श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही पुलिस और प्रशासन यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने तथा अफवाहों पर रोक लगाने के लिए भी पूरी तरह सतर्क हैं। आमजन से अपील की गई है कि प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करें, यातायात नियमों का सम्मान करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या कंट्रोल रूम को दें।
सुरक्षा, सेवा और सुचारु व्यवस्थाओं के साथ हापुड़ प्रशासन का लक्ष्य है कि इस बार की कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित, व्यवस्थित और यादगार बने।



