लडपुरा में पीडीए पंचायत: सपा नेता पदम सिंह जाटव ने मिशन-2027 के लिए कार्यकर्ताओं में भरा जोश

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम लडपुरा में पीडीए (पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक) पंचायत का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व वरिष्ठ समाजवादी नेता पदम सिंह जाटव ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।
पंचायत को संबोधित करते हुए पदम सिंह जाटव ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्रदेशभर में पीडीए पंचायतों के माध्यम से गांव-गांव जाकर जनता से सीधा संवाद स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए केवल एक राजनीतिक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, संविधान की रक्षा और वंचित, शोषित एवं पिछड़े वर्गों को सम्मान और अधिकार दिलाने का संकल्प है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ को मजबूत करने, पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मिशन-2027 में कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के सहयोग से समाजवादी पार्टी प्रदेश में परिवर्तन का नया अध्याय लिखेगी।
पदम सिंह जाटव ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता समाजवादी पार्टी को जनादेश देगी और अखिलेश यादव दोबारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा जनता के सुख-दुख में उनके साथ खड़ी रही है और आगे भी जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।



