देव नंदिनी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में दीक्षारंभ एवं स्थापना दिवस समारोह संपन्न, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को दी नर्सिंग शिक्षा की दिशा

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। हापुड़ के बंखड़ा गांव के निकट स्थित देव नंदिनी कॉलेज ऑफ नर्सिंग में शुक्रवार को बीएससी नर्सिंग एवं जीएनएम के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए दीक्षारंभ एवं स्थापना दिवस-2026 समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नर्सिंग शिक्षा, अनुशासन, सेवाभाव एवं बेहतर करियर निर्माण के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सीएमओ हापुड़ डॉ. किशोर कुमार आहूजा तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत नृत्य प्रस्तुत कर सभी अतिथियों का स्वागत किया।मुख्य अतिथि डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने नर्सिंग की समाज एवं स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों से ज्ञान, कौशल एवं सेवाभाव के साथ समाज और राष्ट्र की सेवा करने का आह्वान किया।कॉलेज की प्राचार्या प्रो. शाइनी पी.सी. ने संस्थान की उपलब्धियों, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था एवं विद्यार्थियों को दिए जाने वाले क्लिनिकल प्रशिक्षण की जानकारी दी। वहीं प्रो. दानिश ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, परीक्षा, उपस्थिति, प्रशिक्षण, प्लेसमेंट, क्लिनिकल एक्सपोजर, एंटी रैगिंग एवं विद्यार्थी सुरक्षा संबंधी नियमों से विस्तार से अवगत कराया। कॉलेज के चेयरमैन डॉ. श्याम कुमार ने नर्सिंग को सेवा, संवेदना एवं जिम्मेदारी से जुड़ा एक सम्मानित पेशा बताया। वहीं डायरेक्टर डॉ. विमलेश शर्मा ने विद्यार्थियों को समय के सदुपयोग तथा व्यावहारिक दक्षता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। ट्रस्टी डॉ. गोविंद सिंह ने विद्यार्थियों से बड़े सपने देखने और कड़ी मेहनत एवं दृढ़ संकल्प के साथ उन्हें साकार करने का आह्वान किया। मुख्य सलाहकार डॉ. अशोक मैत्रेय ने अनुशासन को सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।विशिष्ट अतिथि एवं आईएमए अध्यक्ष डॉ. मनोज जैन ने नर्सिंग क्षेत्र में बढ़ती करियर संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों की जानकारी दी। समारोह में नवप्रवेशित विद्यार्थियों ने अपना परिचय देते हुए नर्सिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट भविष्य बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में प्रो. खालिद ने समापन उद्बोधन दिया, जबकि प्रियंका ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर संतोष कुमार के मार्गदर्शन में दीप्ति एवं शाहरुना ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया।



