तहसील दिवस से पहले जिलाधिकारी ने गर्भवती महिलाओं की गोद भराई, पोषण किट वितरित

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। जनपद हापुड़ की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कुल 105 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 17 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया तहसील दिवस से पूर्व जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने हापुड़ तहसील परिसर में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित गोद भराई कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने पांच गर्भवती महिलाओं की पारंपरिक गोद भराई की रस्म संपन्न कराई तथा उन्हें फल, सूखे मेवे, हरी सब्जियां और पोषण किट वितरित किए। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, पोषण और प्रसव पूर्व देखभाल के बारे में भी जागरूक किया इसके बाद हापुड़ तहसील में जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना एवं पुलिस अधीक्षक श्री कुंवर ज्ञानंजय सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शिकायतों में खतौनी, वरासत, सीमांकन, अतिक्रमण, दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, मारपीट, शांति भंग, साइबर फ्रॉड, पेंशन, आवास, शौचालय, सड़क, विद्युत और पेयजल से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीकरण कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने राजस्व एवं पुलिस विभाग को समन्वय बनाकर भूमि विवादों का शीघ्र समाधान करने तथा शिकायतकर्ताओं को फोन के माध्यम से भी निस्तारण की जानकारी देने के निर्देश दिए पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था से जुड़ी शिकायतों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने थाना प्रभारियों को पीड़ितों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सभी पुलिस अधिकारियों को सतर्क रहने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले शरारती तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश भी दिए बैठक में उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी, तहसीलदार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे वहीं, गढ़मुक्तेश्वर तहसील में अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 34 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 का मौके पर निस्तारण किया गया। धौलाना तहसील में मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा की अध्यक्षता में 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया गया।



