स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था ने शहीदों को किया नमन, शास्त्री प्रतिमा के सौंदर्यीकरण की उठी मांग

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय सैनिक संस्था की जिला इकाई हापुड़ के तत्वावधान में रेलवे रोड स्थित पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने किया। जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी एवं महिला ब्रिगेड की जिला अध्यक्ष मोनिका त्यागी ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज तिरंगे का ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान हुआ और उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने तिरंगे को ससम्मान सलामी दी। इस दौरान “जय हिंद”, “भारत माता की जय” और “वीर शहीद अमर रहें” के नारों से पूरा वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा। जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, महान क्रांतिकारियों और वीर शहीदों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
मशास्त्री जी की प्रतिमा की बदहाली पर जताई नाराजगी
प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी ने लाल बहादुर शास्त्री जी की प्रतिमा की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि प्रतिमा पर काफी समय से दाग-धब्बे हैं और उसका उचित रखरखाव व पेंट नहीं कराया गया है। उन्होंने नगर पालिका परिषद से प्रतिमा का शीघ्र सौंदर्यीकरण कराने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो संस्था आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।
कलेक्ट्रेट धरना स्थल पर नेताजी की प्रतिमा लगाने की मांग
महिला ब्रिगेड की जिला अध्यक्ष मोनिका त्यागी और जिला सचिव मुकेश प्रजापति ने शासन से हापुड़ कलेक्ट्रेट स्थित धरना स्थल पर स्वतंत्रता सेनानियों एवं क्रांतिकारियों की स्मृति में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतिमा युवाओं में देशभक्ति की भावना को और मजबूत करेगी। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित राष्ट्रभक्तों ने देश की एकता, अखंडता, संप्रभुता एवं राष्ट्रहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर जिला संरक्षक शशांक मुनि त्यागी, जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी, महिला ब्रिगेड जिला अध्यक्ष मोनिका त्यागी, जिला सचिव मुकेश प्रजापति, स्पोर्ट्स विंग अध्यक्ष पुनीत शर्मा, जिला कानूनी सलाहकार एडवोकेट मुकुल कुमार त्यागी, तहसील अध्यक्ष सतबीर प्रधान, नगर उपाध्यक्ष आरके बादल वर्मा, कोषाध्यक्ष राजकुमार शर्मा, तहसील उपाध्यक्ष ताराचंद जाटव, प्रशासनिक सदस्य सीताराम, विजय वर्मा, समाजसेवी लोकेश अकेला सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।




