हापुड़ के असरा गांव में पूसा संस्थान ने आयोजित किया किसान प्रशिक्षण एवं कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (IARI), पूसा, नई दिल्ली द्वारा बुधवार, 22 जुलाई 2026 को अनुसूचित जाति उप-योजना (SCSP) के अंतर्गत हापुड़ जिले के सिंभावली ब्लॉक स्थित असरा गांव में किसान प्रशिक्षण एवं कृषि इनपुट वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें खेती के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में IARI, नई दिल्ली के संयुक्त निदेशक (प्रसार) डॉ. रवींद्र पडारिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर राज्य सरकार के जिला उद्यान अधिकारी, कृषि विज्ञान केंद्र (KVK) बाबूगढ़, हापुड़ के प्रभारी सहित पूसा संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. संदीप कुमार लाल, डॉ. के.के. सिंह, डॉ. नफीस अहमद, डॉ. सरवन सिंह, डॉ. रेनू सिंह, डॉ. इंदु चोपड़ा, डॉ. बिष्णु माया, डॉ. रजना तथा श्री सोमी मौजूद रहे।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में असरा, वझिलपुर, खरखड़ी, सरावा, चपकोली, लुखलाडा, फुलडेरा और मुबारकपुर सहित आसपास के गांवों के लगभग 300 महिला एवं पुरुष किसानों ने भाग लिया SCSP योजना के अंतर्गत प्रत्येक किसान को प्रारंभिक रूप से धान के बीज उपलब्ध कराए गए। इसके साथ ही किसानों को खेती में उपयोगी विभिन्न कृषि उपकरण एवं सामग्री वितरित की गई, जिनमें व्हील हैंड होज़, फावड़े, दरांती, वर्मी-बेड, स्प्रेयर, छाते, बीज उत्पादन तकनीक संबंधी पुस्तकें तथा SCSP योजना की कृषि किट शामिल रहीं प्रशिक्षण सत्र के दौरान पूसा संस्थान के विशेषज्ञ वैज्ञानिकों ने किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक, गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन, फसल प्रबंधन, कृषि नवाचार तथा उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी। वैज्ञानिकों ने किसानों को वैज्ञानिक पद्धति से खेती अपनाने और सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया कार्यक्रम में उपस्थित किसानों ने प्रशिक्षण एवं कृषि उपकरण वितरण पहल की सराहना करते हुए इसे खेती की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने की दिशा में उपयोगी बताया।



