गवाही रोकने के लिए युवक पर जानलेवा हमला, बाइक में टक्कर मारकर हथौड़े और लाठी-डंडों से पीटा

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। थाना देहात क्षेत्र के गांव दादयरा में कार सवार बदमाशों द्वारा एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि बदमाशों ने पहले युवक की बाइक में कार से टक्कर मारी और उसके बाद हथौड़े व लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

वारदात के बाद आरोपी युवक को मौके पर पड़ा छोड़कर फरार हो गए। घायल युवक की पहचान गौरव त्यागी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव एक धारा 307 के मामले में मुख्य गवाह हैं। आरोप है कि इसी मामले में गवाही रोकने के उद्देश्य से उन्हें निशाना बनाया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार सवार हमलावरों ने पहले गौरव की बाइक को टक्कर मारी। बाइक से गिरने के बाद आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और हथौड़े तथा लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की। हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद हमलावर उन्हें मौके पर ही पड़ा छोड़कर फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल गौरव को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें युवक के साथ मारपीट की वारदात दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। वीडियो सामने आने के बाद मामले ने और तूल पकड़ लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। घटना के पीछे गवाही रोकने का आरोप कितना सही है, यह पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर एक गवाह को रास्ते से हटाने की कोशिश किसके इशारे पर की गई और इस हमले के पीछे कौन लोग हैं? पुलिस की जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पूरे मामले से पर्दा उठने की उम्मीद है।



