हापुड़

कावड़ यात्रा-2026 की तैयारियां तेज: डीएम कविता मीना ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य तक हर व्यवस्था दुरुस्त करने के आदेश

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। आगामी श्रावण मास में आयोजित होने वाली कावड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कविता मीना की अध्यक्षता में बैठक आयोजित हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह एवं अपर जिलाधिकारी संदीप कुमार सहित सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में कावड़ यात्रा के सफल संचालन के लिए विभागवार जिम्मेदारियां तय की गईं। जिलाधिकारी ने बताया कि कावड़ यात्रा मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिए कि पूरे मार्ग पर बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरे, ड्रोन निगरानी तथा पर्याप्त पुलिस एवं पीएसी बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

साफ-सफाई, सड़क और पेयजल व्यवस्था पर विशेष जोर

डीएम ने नगर पालिका, नगर पंचायत एवं जिला पंचायत राज विभाग को निर्देश दिए कि कावड़ मार्ग, शिविर स्थलों और घाटों पर नियमित साफ-सफाई, चूना छिड़काव, मोबाइल टॉयलेट और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मार्ग पर कहीं भी गड्ढे, जलभराव या क्षतिग्रस्त सड़क नहीं रहनी चाहिए। जल निगम और नगर निकायों को पाइपलाइन कार्यों का समय रहते निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाएं रहेंगी पूरी तरह अलर्ट

मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि कावड़ मार्ग पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए जाएं और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। जिला अस्पताल, सीएचसी और पीएचसी में इमरजेंसी सेवाएं, एंटी-वेनम, एंटी-रेबीज और जीवन रक्षक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए।

बिजली, अग्निशमन और खाद्य सुरक्षा पर भी फोकस

विद्युत विभाग को कावड़ मार्ग पर लटकते और जर्जर बिजली के तारों को तत्काल ठीक करने तथा बिजली के खंभों पर सुरक्षा की दृष्टि से काली पॉलीथिन टेपिंग कराने के निर्देश दिए गए। शिविरों को नियमानुसार अस्थायी बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। अग्निशमन विभाग प्रत्येक शिविर स्थल पर फायर टेंडर और आवश्यक उपकरणों के साथ तैनात रहेगा।

खाद्य सुरक्षा विभाग को होटल, ढाबों, फल विक्रेताओं और खाद्य सामग्री बेचने वाले प्रतिष्ठानों की सघन जांच करने के निर्देश दिए गए, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

रूट डायवर्जन और कंट्रोल रूम रहेगा सक्रिय

यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भारी वाहनों का प्रभावी रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। कावड़ियों के विश्राम और वाहनों की पार्किंग के लिए सड़क से हटकर स्थान चिन्हित किए जाएंगे। इसके अलावा पूरे जनपद में निगरानी और समन्वय के लिए 24 घंटे संचालित होने वाला एकीकृत कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

बैठक में पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कावड़ यात्रा के दौरान अफवाह फैलाने या माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि “कावड़ यात्रा आस्था और अनुशासन का प्रतीक है। सभी कावड़िए यातायात नियमों का पालन करें, प्लास्टिक का प्रयोग न करें और जनपदवासी भी प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक बन सके। प्रशासन पूरी तरह आपकी सेवा में तत्पर है।

Related Articles

Back to top button
Shares