हापुड़

खड़खड़ी महोत्सव–2026 को लेकर प्रेस वार्ता, साहित्य और संस्कृति को समर्पित आयोजन की तैयारियों पर चर्चा

अंकित गुप्ता /समय दिन/उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। आगामी खड़खड़ी महोत्सव–2026 को लेकर रविवार को दिल्ली रोड स्थित एक होटल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रातः 11 बजे आयोजित प्रेस वार्ता में खड़खड़ी महोत्सव संचालन समिति के पदाधिकारियों ने महोत्सव के उद्देश्य, आयोजन की रूपरेखा, साहित्यिक कार्यक्रमों, जनभागीदारी एवं सम्मान समारोह से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। समिति के संरक्षक राम किशोर त्यागी ने कहा कि खड़खड़ी महोत्सव साहित्य, संस्कृति, संस्कार और सामाजिक चेतना को समर्पित एक महत्वपूर्ण सांस्कृतिक आयोजन है। इसका उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय साहित्य एवं संस्कृति से जोड़ना और अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करना है। समिति के अध्यक्ष निखिल त्यागी आहते वाले ने कहा कि महोत्सव में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय सहभागिता रहती है और प्रत्येक वर्ष आयोजन का स्वरूप और अधिक व्यापक होता जा रहा है। मुख्य पदाधिकारी आसाराम त्यागी, सुधीर त्यागी भुनी वाले, समिति के मीडिया प्रभारी एवं राष्ट्रीय सैनिक संस्था के प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेंद्र त्यागी तथा मोनू त्यागी चमरी वाले ने महोत्सव की तैयारियों और मंचीय कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी महोत्सव का प्रमुख आकर्षण विराट कवि सम्मेलन रहेगा, जिसमें देश के प्रतिष्ठित कवि एवं साहित्यकार सहभागिता करेंगे। मुख्य कवि के रूप में राष्ट्रीय कवि अवनीत सिंह समर्थ की सहभागिता रहेगी। महोत्सव के दौरान साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ सम्मान के तहत ₹1,00,000 तथा दुष्यंत साहित्य सम्मान के तहत ₹50,000 प्रदान किए जाने की परंपरा भी जारी रहेगी।कार्यक्रम के मुख्य संयोजक एवं राष्ट्रीय कवि विकास विजय सिंह त्यागी ने बताया कि खड़खड़ी महोत्सव पिछले सात वर्षों से निरंतर आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य साहित्य, संस्कृति एवं भारतीय संस्कारों को जन-जन तक पहुंचाना तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना है। प्रेस वार्ता के दौरान उपस्थित पत्रकारों ने महोत्सव की रूपरेखा और विभिन्न कार्यक्रमों से संबंधित सवाल किए, जिनका आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने विस्तार से उत्तर दिया। अंत में आयोजन समिति ने पत्रकार बंधुओं एवं समस्त समाज का आभार व्यक्त करते हुए आगामी खड़खड़ी महोत्सव में अधिक से अधिक लोगों से सहभागिता की अपील की।

Related Articles

Back to top button
Shares