राष्ट्रीय सैनिक संस्था में नई जिम्मेदारियों का भव्य स्वागत, सैन्य व नैतिक शिक्षा अनिवार्य करने का लिया संकल्प

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़ राष्ट्रीय सैनिक संस्था जिला इकाई हापुड़ के तत्वावधान में रविवार को शिवपुरी स्थित मिलन पार्टी हॉल में “कार्यकर्ता स्वागत एवं पत्रकार परिचय समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संस्था के नवनियुक्त जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी, शिक्षा विंग के जिला अध्यक्ष गुलशन त्यागी तथा स्पोर्ट्स विंग के जिला अध्यक्ष पुनीत शर्मा का फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छों से जोरदार स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष कर्नल तेजेंद्र पाल त्यागी (वीर चक्र) द्वारा प्रेषित नियुक्ति-पत्रों का वितरण किया गया। प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेन्द्र त्यागी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को नियुक्ति-पत्र सौंपते हुए विश्वास जताया कि नई टीम संगठन विस्तार, राष्ट्रहित और समाज सेवा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
समारोह की अध्यक्षता जिला संरक्षक नरेन्द्र त्यागी ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव मुकेश प्रजापति ने किया। कार्यक्रम पश्चिमी उत्तर प्रदेश महिला ब्रिगेड की अध्यक्षा सुमन त्यागी, प्रदेश प्रवक्ता ज्ञानेन्द्र त्यागी तथा पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष चौधरी मनवीर सिंह (पूर्व वारंट ऑफिसर, वायुसेना) के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
वरिष्ठ समाजसेवी नानकचंद शर्मा ने कहा कि संस्था का उद्देश्य केवल सैनिकों और पूर्व सैनिकों का सम्मान करना नहीं, बल्कि समाज में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, सेवा, नैतिकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करना भी है। शिक्षा विंग के अध्यक्ष गुलशन त्यागी ने विद्यालयों और महाविद्यालयों में प्रारंभिक सैन्य शिक्षा एवं नैतिक शिक्षा को अनिवार्य बनाने की मांग को जन-आंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प दोहराया।
जिला अध्यक्ष मुकेश त्यागी ने कहा कि प्रारंभिक सैन्य प्रशिक्षण युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, आपदा प्रबंधन और राष्ट्रप्रेम की भावना विकसित करता है, जबकि नैतिक शिक्षा उत्कृष्ट चरित्र निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि इन दोनों विषयों को शिक्षा व्यवस्था का अनिवार्य हिस्सा बनाया जाना चाहिए।
स्पोर्ट्स विंग के जिला अध्यक्ष पुनीत शर्मा ने कहा कि संस्था स्कूलों और कॉलेजों के सहयोग से युवा खिलाड़ियों के लिए प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
कार्यक्रम के दौरान कवि विकास विजय त्यागी और अवनीत समर्थ ने अपनी देशभक्ति कविताओं से उपस्थित लोगों में राष्ट्रभक्ति का उत्साह भर दिया। अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने “राष्ट्र सर्वप्रथम” के मूल मंत्र के साथ संगठन को गांव-गांव तक पहुंचाने और सैनिकों एवं पूर्व सैनिकों के सम्मान के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
समारोह में संस्था के अनेक पदाधिकारी, अधिवक्ता, पूर्व सैनिक, शिक्षाविद, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



