हापुड़

हापुड़: ब्लूम हॉस्पिटल में महिला की मौत के बाद बवाल, परिजनों का हंगामा; वार्ड बॉय से मारपीट CCTV में कैद

अंकित गुप्ता /समय दिन /उजागर खबर /हापुड़

हापुड़। शहर के ब्लूम हॉस्पिटल में भर्ती एक महिला मरीज की मौत के बाद अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हो गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया और एक वार्ड बॉय के साथ मारपीट कर दी। घटना अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।

परिजनों का आरोप है कि महिला को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए दूसरे सेंटर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान एंबुलेंस में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि समय पर उचित इलाज और देखभाल मिलती तो महिला की जान बच सकती थी।

महिला की मौत की खबर मिलते ही अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल कर्मचारियों से तीखी नोकझोंक के बाद एक वार्ड बॉय के साथ मारपीट कर दी। घटना का वीडियो और सीसीटीवी फुटेज अब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने अस्पताल की सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेज और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर यह स्पष्ट किया जाएगा कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और अस्पताल की ओर से किसी प्रकार की चिकित्सकीय लापरवाही हुई या नहीं। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ब्लूम हॉस्पिटल का नाम पहले भी विवादों और शिकायतों को लेकर सुर्खियों में आ चुका है। महिला मरीज की मौत के बाद हुए इस हंगामे ने अस्पताल को एक बार फिर चर्चाओं के केंद्र में ला दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और जांच रिपोर्ट के बाद ही किसी भी तरह की लापरवाही की पुष्टि हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button
Shares