धौलाना को मिली नई एसडीएम, कल्पना सिंह चौहान ने संभाला कार्यभार; भू-माफिया और अवैध कब्जों पर रहेगी नजर

अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमार /उजागर खबर /हापुड़
हापुड़। जनपद हापुड़ की धौलाना तहसील में नव नियुक्त एसडीएम कल्पना सिंह चौहान ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। उनके सामने सबसे बड़ी चुनौती लंबे समय से लंबित पड़ी शिकायतों का निष्पक्ष निस्तारण और तहसील क्षेत्र में अवैध कब्जों, भू-माफियाओं तथा अवैध खनन पर प्रभावी कार्रवाई मानी जा रही है।
धौलाना क्षेत्र में सरकारी और निजी जमीनों पर अवैध कब्जों को लेकर समय-समय पर कई शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों की नजर अब इस बात पर रहेगी कि नई एसडीएम लंबित मामलों की समीक्षा कर क्या कदम उठाती हैं और दोषियों के खिलाफ कितनी सख्त कार्रवाई होती है।
गौरतलब है कि धौलाना विधायक धर्मेश तोमर तथा भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश चंद तोमर भी क्षेत्र में अवैध कब्जों, भू-माफियाओं और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शिकायतें उठा चुके हैं।
इसके अलावा धौलाना क्षेत्र अवैध खनन को लेकर भी चर्चा में रहा है। ऐसे में नई एसडीएम के सामने भू-माफियाओं के साथ-साथ खनन माफियाओं पर प्रभावी अंकुश लगाना भी बड़ी प्रशासनिक चुनौती होगी।
अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि नई एसडीएम कल्पना सिंह चौहान कानून व्यवस्था को मजबूत करने, लंबित शिकायतों के निस्तारण और अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए किस प्रकार की कार्रवाई करती हैं। क्षेत्र की जनता को भी निष्पक्ष और प्रभावी प्रशासनिक कार्रवाई की उम्मीद है।



