फर्जी वोट बनाने का आरोप, ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी से की शिकायत

अंकित गुप्ता / समय दिन ( ujagarkhabar.in)
हापुड़। जनपद हापुड़ के सिंभावली विकास खंड से फर्जी मतदान पहचान पत्र (वोटर आईडी) बनवाए जाने का मामला सामने आया है। विकास खंड के ग्राम बहरामपुर बादली के ग्रामीणों ने मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर फर्जी नाम शामिल किए जाने का आरोप लगाया है।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में ऐसे लोगों के नाम मतदाता सूची में जोड़ दिए गए हैं, जो न तो गांव के निवासी हैं और न ही मतदान के लिए पात्र हैं। आरोप है कि बाहरी और अपात्र लोगों के नाम जानबूझकर मतदाता सूची में शामिल कर चुनावी लाभ लेने की कोशिश की जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने आपसी मिलीभगत से यह पूरा मामला अंजाम दिया है, जो लोकतंत्र की निष्पक्षता और पारदर्शिता पर सवाल खड़े करता है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिला निर्वाचन अधिकारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मतदाता सूची की जांच नहीं की गई तो इसका सीधा असर आगामी चुनावों की निष्पक्षता पर पड़ेगा। अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन और निर्वाचन विभाग की कार्रवाई पर टिकी हैं।




