हापुड़ में नाबालिग के साथ शर्मनाक हरकत: शराब पिलाकर की अश्लीलता, चार आरोपी नामजद
अंकित गुप्ता /समय दन (Ujagarkhabar.in)
हापुड़। जनपद हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र के पन्नापुरी मोहल्ले से एक ऐसा घिनौना मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक नाबालिग लड़के को बहला-फुसलाकर बुलाया गया और फिर उसके साथ शराब पिलाकर अश्लील हरकत की गई।
कैसे हुई वारदात?
पीड़ित के पिता द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, घटना 18 सितंबर की शाम की है। आरोपी रमन पुत्र सोनू ने नाबालिग को फोन कर मोहल्ले में स्थित एक स्कूल के पास बुलाया। वहां पहले से ही तीन अन्य आरोपी मौजूद थे। नाबालिग को जबरन शराब पिलाई गई और उसके साथ शर्मनाक हरकत की गई।
वीडियो बनाकर दी धमकी
पीड़ित पिता का कहना है कि आरोपियों ने इस पूरे कृत्य की वीडियो रिकॉर्डिंग कर ली और धमकी दी कि अगर उसने किसी को बताया तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर देंगे। इस धमकी से बच्चा सहम गया और परिजनों को सच्चाई बताने में भी देर कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए, थाना प्रभारी विजय गुप्ता ने बताया कि पीड़ित के पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चारों आरोपियों को नामजद किया गया है और उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं।
इलाके में रोष
इस शर्मनाक वारदात की खबर फैलते ही इलाके में आक्रोश का माहौल है। लोग आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।



