हापुड़ में राकेश टिकैत की किसान महापंचायत, MSP, स्मार्ट मीटर और अपराध नियंत्रण पर सरकार को घेरा। महिलाओं की भी रही बड़ी भागीदारी।

अंकित गुप्ता /समय दिन (Ujagarkhabar.in)
हापुड़। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत शनिवार को जनपद हापुड़ पहुंचे और नवीन मंडी स्थल पर आयोजित विशाल किसान महापंचायत को संबोधित किया। इस महापंचायत में हापुड़ समेत आसपास के जिलों से हजारों किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर पहुंचे।
महापंचायत को सफल बनाने में संगठन की युवा विंग के जिला अध्यक्ष ज्ञानेश्वर त्यागी ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने गांव-गांव जाकर किसानों से पहुंचने का आह्वान किया। खास बात यह रही कि इस कार्यक्रम में महिलाओं की भी भारी भागीदारी रही।
टिकैत का सीधा हमला
सभा को संबोधित करते हुए राकेश टिकैत ने कहा कि प्रदेश सरकार का हालिया जाति संबंधी आदेश सिर्फ चुनावी राजनीति का हिस्सा हो सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाकियू का चुनाव से कोई लेना-देना नहीं है और संगठन किसानों के हक की लड़ाई के लिए प्रतिबद्ध है।
टिकैत ने कहा कि सरकार अपराध नियंत्रण का दावा करती है, लेकिन जमीनी हकीकत यह है कि अपराध बेकाबू है और जनता परेशान।
MSP और स्मार्ट मीटर पर बड़ी बातें
महापंचायत में टिकैत ने किसानों की सबसे बड़ी मांग दोहराई—स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाए और MSP को कानूनी गारंटी मिले।
उन्होंने कहा कि सिर्फ किसान ही नहीं बल्कि मजदूर, भूमिहीन, नौजवान और शिक्षक भी संकट में हैं।
साथ ही उन्होंने स्मार्ट मीटर को लेकर जनता की परेशानी उजागर की और इसे आम आदमी पर थोपे गए बोझ के रूप में बताया।




