हापुड़ में बड़ा खुलासा! CCTV और 112 कॉल रिकॉर्ड ने खोली पुलिस केस की पोल, पीड़ित ने लगाई SP से गुहार

अंकित गुप्ता /समय दिन (Ujagarkhabar.in)
हापुड़। सिम्भावली थाना क्षेत्र का मामला इन दिनों सुर्खियों में है। गांव वैठ निवासी कलवा पुत्र तौसीफ ने जिलाधिकारी व एसपी हापुड़ को शिकायती पत्र देकर बड़ा खुलासा किया है।

पीड़ित के मुताबिक थाना सिम्भावली में दर्ज मु०अ०सं०-316/2025 पूरी तरह फर्जी है और इसमें उसके परिवारजनों पर झूठे आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ता का कहना है कि मामले की असलियत 112 कॉल रिकॉर्डिंग और CCTV फुटेज से साफ हो रही है।
कलवा ने अपने पत्र में बताया कि 25 सितम्बर 2025 की सुबह 6:30 बजे गांव के ही सलीम, नदीम पुत्रगण बाकर, बाकर पुत्र तौसीफ, अनवार पुत्र इसरार व दो अन्य लोगों ने उसके भांजे इसरार के घर में घुसकर जानलेवा हमला किया, जिसमें इसरार गंभीर रूप से घायल हो गया और आज भी मेरठ अस्पताल में भर्ती है।
इस घटना की तत्काल सूचना पड़ोसी गफ्फार पुत्र तहसीन ने 112 नंबर पर कॉल कर दी थी। मौके पर पुलिस और ग्राम प्रधान रहीस पहुंचे और घायल को एम्बुलेंस से अस्पताल भेजा गया। इस पर थाना सिम्भावली में मु०अ०सं०-309/2025 दर्ज किया गया।
लेकिन पीड़ित का आरोप है कि बाद में मु०अ०सं०-316/2025 दर्ज कर झूठा केस खड़ा कर दिया गया। जबकि उसी समय का सरकारी अस्पताल सिखैड़ा का CCTV फुटेज और ग्राम प्रधान रहीस अहमद के घर का CCTV साफ दिखा रहा है कि जिनपर आरोप लगाया गया वे मौके पर मौजूद ही नहीं थे।
यही नहीं, शिकायतकर्ता ने बताया कि एक माह पहले ही नदीम पुत्र बाकर ने उसके भांजे को जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सबूत के तौर पर दी गई है। साथ ही आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी पत्र के साथ संलग्न किया गया है।
कलवा ने एसपी हापुड़ से मांग की है कि इस फर्जी मुकदमे की निष्पक्ष जांच कर मु०अ०सं०-316/2025 को निरस्त किया जाए और असल हमलावरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही 112 की कॉल रिकॉर्डिंग और CCTV फुटेज की जांच कर सत्यता सामने लाई जाए। अन्यथा मजबूरन उसे माननीय उच्च न्यायालय की शरण लेनी पड़ेगी।




