पिलखुवा: नगर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल का ऐलान, अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई रहेगी जारी

अंकित गुप्ता (Ujagarkhabar.in)
(हापुड़) पिलखुवा नगर पालिका परिषद क्षेत्र में सार्वजनिक भूमि पर किए गए अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी है। शैलेश फॉर्म कॉलोनी में आम रास्ते की भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पिछले तीन दिनों से ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जा रही है।
नगर पालिका द्वारा अवैध निर्माण को चिन्हित किए जाने के बाद तुरंत कार्रवाई शुरू की गई थी। प्रशासन की सख्ती को देखते हुए संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं ही अवैध निर्माण को गिराया जा रहा है। पूरे ध्वस्तीकरण अभियान के दौरान नगर पालिका की टीम मौके पर मौजूद रहकर निगरानी कर रही है, ताकि दोबारा अतिक्रमण न हो सके।
नगर पालिका अध्यक्ष विभु बंसल ने बताया कि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग के लिए दर्ज है और इस पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और किसी को भी नियमों की अनदेखी करने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि भविष्य में भी सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।




