
अंकित गुप्ता /पुष्पेंद्र कुमर (ujagarkhabar.in)
जनपद हापुड़ में कांग्रेस संगठन को नई मजबूती देने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। आगामी 24 अगस्त 2025, रविवार को स्वर्ग आश्रम रोड स्थित आर. जी. सुमंगलम फार्म हाऊस में “संगठन सृजन कार्यशाला” का आयोजन होने जा रहा है। इस कार्यक्रम में जिले भर से सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल होंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष राकेश त्यागी ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि कार्यशाला में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रभारी और पूर्व सांसद कुंवर दानिश अली भी मौजूद रहेंगे। वे संगठन के सभी पदाधिकारियों की बैठक लेंगे और ब्लॉक कमेटियों, मंडल अध्यक्षों व शहर/जिला अध्यक्षों से रिपोर्ट मांगेंगे।
राकेश त्यागी ने बताया कि जनपद हापुड़ की चारों ब्लॉक कमेटियां गठित कर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय, लखनऊ भेज दी गई हैं। साथ ही ब्लॉकों के मंडल अध्यक्षों की नियुक्ति भी पूरी कर ली गई है। अब तक 50% मंडल कमेटियों का गठन किया जा चुका है।
शहर अध्यक्ष इरफान कुरैशी ने कहा कि कार्यशाला की तैयारियों के लिए सभी कार्यकर्ताओं को लगातार संदेश और फोन कॉल किए जा रहे हैं ताकि अधिक से अधिक संख्या में पदाधिकारी कार्यशाला में उपस्थित हों।
कांग्रेसी पदाधिकारियों का कहना है कि इस कार्यशाला में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति की भी संभावना है, जिससे कार्यकर्ताओं का उत्साह और दोगुना होगा।
इस दौरान पूर्व शहर अध्यक्ष दिनेश चंद शर्मा, जिला प्रवक्ता एडवोकेट शहजादा चौधरी, जिला महासचिव गौरव गर्ग, भरतलाल शर्मा, खुशनुद अली समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे।




