70 साल पुरानी पैतृक जमीन पर फर्जी दस्तावेजों से कब्जे का आरोप, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से लगाई न्याय की गुहार

अंकित गुप्ता / समय दिन ( ujagarkhabar.in)
हापुड़। थाना सिंभावली क्षेत्र के सिखेड़ा गांव निवासी एक परिवार इन दिनों अपनी पैतृक जमीन को बचाने के लिए दर-दर भटक रहा है। पीड़ित अमर का आरोप है कि करीब 70 वर्षों से उनके परिवार के कब्जे में रही जमीन को दबंगों ने फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम दर्ज करा लिया है।
पीड़ित परिवार का कहना है कि यह जमीन उनके दादा के समय से उनके पास है और वर्षों से वह इस पर खेती व रहन-सहन करते आ रहे हैं। आरोप है कि कुछ प्रभावशाली लोगों ने मिलीभगत कर नकली कागजात तैयार कराए और प्रशासनिक अभिलेखों में हेरफेर कर जमीन पर अवैध कब्जा जमा लिया।
अमर ने बताया कि उन्होंने कई बार स्थानीय अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक उन्हें कोई ठोस न्याय नहीं मिल पाया है। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर किए गए नामांतरण को निरस्त करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
गौरतलब है कि हापुड़ जनपद में जमीन से जुड़े विवादों के कई मामले पहले भी सामने आ चुके हैं, जिनमें फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमीन हड़पने के आरोप लगते रहे हैं। अब देखना यह है कि प्रशासन इस ताजा मामले में पीड़ित परिवार को कब तक न्याय दिला पाता है।




