एक्सक्लूसिव खबरेंहापुड़
Trending

पत्रकारों की समस्याओं को लेकर गढ़ विधायक को सौंपा ज्ञापन

अंकित गुप्ता / समय दिन ( ujagarkhabar.in)

हापुड़। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश से जुड़े पत्रकारों ने अपनी विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन गढ़मुक्तेश्वर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक हरेंद्र तेवतिया को सौंपा। यह ज्ञापन जिलाध्यक्ष लोकेश बंसल के नेतृत्व में विधायक के फार्म हाउस पर पहुंचकर दिया गया।

ज्ञापन में ग्रामीण क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकारों की दयनीय स्थिति से अवगत कराते हुए उनके हित में ठोस कदम उठाने की मांग की गई। बताया गया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन उत्तर प्रदेश प्रदेश का सबसे बड़ा संगठन है, जिसका पंजीकरण संख्या 1153/86 है। संगठन की शाखाएं प्रदेश के 18 मंडलों, 75 जनपदों एवं 551 तहसीलों में सक्रिय हैं, इसके बावजूद ग्रामीण पत्रकारों को सरकारी सुविधाओं और संस्थागत सहयोग से वंचित रहना पड़ रहा है।

पत्रकारों ने बताया कि वे कठिन परिस्थितियों में जनहित से जुड़ी खबरों का संकलन कर प्रशासन और जनता के बीच सेतु का कार्य कर रहे हैं, लेकिन उन्हें मान्यता, स्वास्थ्य सुविधा, सुरक्षा और सम्मान जैसी मूलभूत आवश्यकताएं नहीं मिल पा रही हैं।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से तहसील स्तर पर पत्रकारों को मान्यता देने, इसके लिए सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के पूर्व आदेश में संशोधन कर सभी दैनिक समाचार पत्रों के संवाददाताओं को मान्यता प्रदान करने की मांग की गई। साथ ही जिला, मंडल और तहसील स्तर पर पत्रकार हित समिति के गठन और उनकी नियमित बैठकें कराने तथा ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के अध्यक्ष को इन समितियों में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाने का प्रस्ताव रखा गया।

ग्रामीण पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत आयुष्मान कार्ड तथा उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा देने की भी मांग की गई। इसके अतिरिक्त प्रदेश स्तरीय पत्रकार मान्यता समिति और विज्ञापन मान्यता समिति में संगठन के दो प्रतिनिधियों को शामिल करने, लखनऊ के दारुलशफा में संगठन कार्यालय के लिए निःशुल्क भवन उपलब्ध कराने तथा ग्रामीण पत्रकार आयोग के गठन की मांग भी रखी गई।

साथ ही पत्रकारिता के दौरान उत्पन्न विवादों में पत्रकारों पर प्राथमिकी दर्ज करने से पूर्व किसी सक्षम राजपत्रित अधिकारी से जांच कराने की व्यवस्था लागू करने का आग्रह किया गया।

अंत में मुख्यमंत्री से सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक निर्देश जारी करने की मांग की गई।

इस अवसर पर जिलाध्यक्ष लोकेश बंसल, अनुज सिंधु, आरिफ खान, सकील चौधरी, ताहिर खान, अनिल कश्यप, समयदीन, साहिल अंसारी, दीपक कश्यप, अरशद मलिक सहित अनेक पत्रकार उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
Shares